फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती की निजी वीडियो रिकॉर्डिंग बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने और रुपये मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी गांव के एक युवक से फोन पर बातचीत होती थी। आरोप है कि युवक ने भरोसे का फायदा उठाकर वीडियो कॉल के दौरान उसकी निजी रिकॉर्डिंग कर ली। बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार दबाव बनाने लगा।
महिला का आरोप है कि बातचीत बंद करने के बाद युवक ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और बदनामी का डर दिखाकर पैसों की मांग करने लगा। सामाजिक और पारिवारिक प्रतिष्ठा को देखते हुए उसने आरोपी को एक बार रुपये भी दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी की मांगें बढ़ती रहीं।
लगातार धमकियों और मानसिक तनाव से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



