बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान शराब सेल्समैन अभिषेक के अपहरण मामले में वांछित एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।

पुलिस के मुताबिक इज्जतनगर थाना पुलिस पीलीभीत रोड स्थित कलापुर पुलिया के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से कांस्टेबल नीशू तिवारी घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विमल निवासी रिछौला, थाना नवाबगंज के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि वह शराब सेल्समैन अभिषेक के अपहरण मामले में वांछित चल रहा था।
घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपी के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद बाइक बदायूं जिले से चोरी होना बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 9 मई को फन सिटी के पास से शराब सेल्समैन अभिषेक का अपहरण किया था। इस मामले में उसका एक साथी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।पुलिस ने मुठभेड़, फायरिंग और अवैध हथियार बरामदगी के मामले में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीओ हाइवे आशुतोष शिवम ने बताया कि इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में अपहरण का एक आरोपी गिरफ्तार किया है। इस घटना में आरोपी के एक पैर में गोली भी लगी है साथ ही पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।




