बरेली। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे शहरवासियों को मंगलवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। अचानक बदले मौसम के बीच तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर का माहौल खुशनुमा बना दिया। बारिश के चलते तापमान गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों ने सुकून महसूस किया।

सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा बना हुआ था। दोपहर के समय अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान कई इलाकों में ऐसा लगा मानो शाम हो गई हो। अंधेरा छाने के कारण बाजारों और दुकानों में दिन के समय ही लाइटें जलानी पड़ीं।
तेज बारिश का असर शहर की सड़कों पर भी दिखाई दिया। प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए आवाजाही कम हो गई और कई जगह सड़कें लगभग सुनसान नजर आईं। बारिश से बचने के लिए लोग दुकानों और छज्जों के नीचे रुकते दिखाई दिए। वहीं कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई।
बारिश और ठंडी हवाओं का सबसे ज्यादा आनंद बच्चों ने उठाया। कॉलोनियों और मोहल्लों में बच्चे बारिश में खेलते और भीगते नजर आए। लंबे समय बाद मौसम सुहावना होने से लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। गर्म हवाओं की जगह चली ठंडी बयार ने वातावरण को पूरी तरह बदल दिया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह सुहाना बना रह सकता है। बीच-बीच में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।




