मिलक में अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की नई शाखा शुरू, पहले दिन ही 1 करोड़ से अधिक जमा

SHARE:

मिलक (रामपुर)।क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की 16वीं शाखा का उद्घाटन रविवार को भव्य कार्यक्रम के बीच किया गया। नई शाखा का शुभारंभ प्रदेश के राज्यमंत्री (कृषि, शिक्षा एवं अनुसंधान) बलदेव सिंह औलख ने किया, जबकि इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री औलख ने कहा कि अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक ने ग्राहक सेवा और भरोसे के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई शाखा से क्षेत्र के लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैंक के संस्थापक संतोष कुमार गंगवार ने शाखा विस्तार पर खुशी जताते हुए बताया कि बैंक लगातार अपने नेटवर्क को बढ़ा रहा है। इसी क्रम में जल्द ही पीलीभीत जिले के बीसलपुर में भी नई शाखा खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों तक सुलभ और भरोसेमंद बैंकिंग पहुंचाना है।

बैंक की अध्यक्षा श्रुति गंगवार ने जानकारी दी कि निक्षेप संचय अभियान के तहत चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक बैंक का लक्ष्य एक हजार करोड़ रुपये जमा करने का है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के बाद बैंक टियर-3 श्रेणी में प्रवेश कर प्रदेश के सहकारी बैंकों में नई पहचान बनाएगा।प्रबंध निदेशक श्रीपाल कश्यप ने बताया कि मिलक शाखा के पहले ही दिन 100 से अधिक खाते खोले गए और एक करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि दर्ज की गई, जो क्षेत्र में बैंक के प्रति विश्वास को दर्शाता है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!