इंस्टाग्राम रील पर आपत्तिजनक कमेंट बना जानलेवा, बरेली में डिजिटल विवाद ने ली युवक की जान

SHARE:

बरेली ।इंस्टाग्राम पर रील डालना और उस पर आने वाले रिएक्शन अब युवाओं की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन बरेली में यही डिजिटल दुनिया एक युवक की मौत की वजह बन गई। यहां रील पर किए गए आपत्तिजनक कमेंट और ‘आंख मारने वाली इमोजी’ को लेकर शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया।

 

8 अप्रैल 2026 को कोतवाली थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में अमन रजा की हत्या के मामले में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी समद मूसा को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी समद मूसा इंस्टाग्राम पर रील बनाकर पोस्ट करता था, जहां उसकी पहचान अमन से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि अमन लगातार समद की पोस्ट पर आपत्तिजनक कमेंट और इमोजी करता था, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। करीब छह महीने तक चला यह विवाद अंततः खूनी रूप ले बैठा।

 

घटना वाले दिन अमन सिटी स्टेशन गया हुआ था। फोन पर बातचीत के बाद समद भी वहां पहुंच गया। आमने-सामने होने पर कहासुनी हुई और गुस्से में आरोपी ने अमन को पकड़कर रेल पटरी पर फेंक दिया। इसके बाद वह उसे खींचकर पास के एक खंडहरनुमा रेलवे मकान में ले गया, जहां ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खून से सनी ईंट, आरोपी के कपड़े, मृतक का आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम ने बताया कि दोनों के बीच सोशल मीडिया पर इमोजी और आपत्तिजनक कमेंट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि मामले में एक ही आरोपी की संलिप्तता सामने आई है और उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!