बरेली में नई वोटर लिस्ट जारी, अब 29.48 लाख मतदाता, आंकड़ों में बड़ा सुधार

SHARE:

बरेली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बरेली जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को कर दिया गया। इस दौरान पूरे जिले में वोटर लिस्ट को अपडेट करने का काम किया गया और नई सूची जारी की गई।

 

जिले में कुल 3835 मतदेय स्थल और 1940 मतदान केंद्रों पर यह प्रक्रिया पूरी हुई। अंतिम सूची के अनुसार अब बरेली में 29,48,987 मतदाता दर्ज हैं।इस प्रक्रिया की शुरुआत 27 अक्टूबर 2025 को हुई थी, उस समय जिले में करीब 34,05,820 मतदाता थे। इसके बाद 6 जनवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट सूची में संख्या घटकर 26,91,067 रह गई, क्योंकि जांच के दौरान बड़ी संख्या में डुप्लीकेट और अपात्र नाम हटाए गए।

इसके बाद दावे-आपत्तियों और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने पर अंतिम सूची में फिर बढ़ोतरी हुई और अब कुल मतदाता संख्या 29,48,987 पहुंच गई। यानी ड्राफ्ट सूची के मुकाबले करीब 2,57,920 मतदाता बढ़े, जबकि शुरुआती सूची की तुलना में अब भी लगभग 5.56 लाख कम मतदाता दर्ज हैं, जो सूची को अधिक सटीक बनाने का संकेत है।

प्रशासन के अनुसार, इस दौरान फार्म-6, 7 और 8 के तहत बड़ी संख्या में आवेदन आए, जिनका निस्तारण कर पात्र लोगों को जोड़ा गया और गलत नाम हटाए गए।आंकड़ों के मुताबिक, जिले का इलेक्टोरल पॉपुलेशन रेशियो (EPR) बढ़कर 51.59 प्रतिशत हो गया है, जो पहले से 4.52 प्रतिशत अधिक है। वहीं जेंडर रेशियो 815 से बढ़कर 832 पहुंच गया है, जिससे महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ने का संकेत मिलता है।

पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजर्स की टीम ने घर-घर जाकर सत्यापन किया। साथ ही नो-मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी जैसे मामलों को भी ठीक किया गया, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!