केंद्रीय विद्यालय के छात्र की फंदे से लटका मिला शव , आत्महत्या या कुछ और? जांच के बीच उठे कई सवाल

SHARE:

बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र स्थित न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी में 9वीं कक्षा के छात्र आलोक विराट का शव एक खंडहर पड़े मकान में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

 

आलोक विराट, जो केंद्रीय विद्यालय का छात्र था, पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिजनों द्वारा थाना इज्जतनगर में गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए टीमें गठित की थीं। इसी दौरान बुधवार शाम उसका शव रेलवे कॉलोनी के एक जर्जर मकान में लटका हुआ मिला।

एसपी सिटी मानुष पारिख ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र कक्षा 9 में असफल हो गया था, जिससे वह मानसिक तनाव में हो सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं—आत्महत्या और अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

वहीं, मृतक के चाचा एवं अधिवक्ता शिशुपाल ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि दो दिन पहले छात्र को उसके शिक्षक द्वारा फोन पर डांटा गया था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। परिजनों ने संबंधित शिक्षक पर प्रताड़ना का आरोप भी लगाया है।

फिलहाल पुलिस मामले में साक्ष्य जुटा रही है और परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।यह घटना एक ओर जहां एक परिवार के लिए गहरा सदमा है, वहीं दूसरी ओर यह भी संकेत देती है कि बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक संवाद और शैक्षणिक दबाव जैसे मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ ध्यान देने की आवश्यकता है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!