बरेली में दिन में छाया अंधेरा, बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। जिले में बुधवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट बदलते हुए लोगों को चौंका दिया। करीब एक बजे आसमान में घने काले बादल इस कदर छा गए कि दिन में ही रात जैसा अंधेरा महसूस होने लगा। अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया और कई जगह लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

 

तेज हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई और पारा लुढ़ककर करीब 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस बदलाव से राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक सुकून नहीं दे पाई। कुछ ही समय बाद जिले के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई, जिससे सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई।

वहीं, इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर गेहूं की कटाई के इस महत्वपूर्ण समय में बारिश और तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। भोजीपुरा क्षेत्र के किसान बच्चन सिंह ने बताया कि उनकी गेहूं की फसल पर बारिश का असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि कुछ फसल कट चुकी है, लेकिन जो गेहूं अभी खेत में खड़ा है, वह भीगने और गिरने से खराब हो रहा है।

किसानों का कहना है कि अगर मौसम का यही मिजाज बना रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है। फिलहाल किसान फसलों के नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं और प्रशासन से राहत की उम्मीद कर रहे हैं।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज