होली से पहले सुरक्षा सख्त, एसपी सिटी मानुष पारीक ने अधिकारियों के साथ की पैदल गश्त

SHARE:

बरेली। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

गश्त के दौरान एसपी सिटी ने मुख्य बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर होली का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक नगर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।बरेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!