बहेड़ी में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, बिना पंजीकरण चल रहे यूनिसन हॉस्पिटल पर मुकदमा दर्ज

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बहेड़ी। नगर के बाईपास स्थित यूनिसन हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। अस्पताल को पहले ही सील किया जा चुका था, अब डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) की ओर से अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जांच में सामने आया कि अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई मानकों का पालन नहीं किया जाना पाया गया। आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण प्रमाण भी उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरिया रंजीत निवासी 33 वर्षीय गीता पत्नी राजपाल को बच्चेदानी में गांठ की समस्या थी। परिजन उन्हें ऑपरेशन के लिए यूनिसन हॉस्पिटल लेकर आए थे। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और देर रात उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि इलाज में लापरवाही हुई और हालत गंभीर होने पर डॉक्टर अस्पताल छोड़कर चले गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की और अब अस्पताल संचालक के खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है। आगे की जांच जारी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज