चौपला गिहार बस्ती में नगर निगम की कार्रवाई, बिना सूचना बुलडोजर चलने से मचा हड़कंप

SHARE:

बरेली ।कोतवाली थाना क्षेत्र के गिहार बस्ती में गुरुवार को नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बस्ती के लोगों में रोष देखने को मिला।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई दशकों से गिहार बस्ती में रह रहे हैं। लोगों के अनुसार, 40 से 50 वर्षों से यहां निवास करने के बावजूद नगर निगम की ओर से उन्हें कभी भी अतिक्रमण हटाने को लेकर कोई लिखित सूचना या नोटिस नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि बिना पूर्व चेतावनी सीधे बुलडोजर चलाया गया, जिससे घरों और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा।

बस्ती में रहने वाली महिला भालो ने बताया कि नगर निगम की टीम अचानक बुलडोजर के साथ पहुंची और घरों पर कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी गई, जिससे परिवार अपना सामान भी सुरक्षित नहीं कर सका।

एक अन्य महिला पुष्पा देवी ने बताया कि उनके पड़ोस के घर में 21 फरवरी को शादी होनी थी। शादी के लिए रखा गया दहेज का सामान कार्रवाई के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

प्रशासन का पक्ष
नगर निगम की ओर से मौजूद एडीएम कमांडेंट श्री जोशी ने बताया कि गिहार बस्ती में अवैध अतिक्रमण को लेकर सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई थी। उसी शिकायत के आधार पर नगर आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!