बरेली। सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने, संगठन को सशक्त बनाने और आमजन से संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा शनिवार 8 फरवरी 2026 को रामनगर ब्लॉक के केसरपुर गांव में सद्भावना सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने की। सम्मेलन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ओमवीर यादव ने कहा कि जिस तरह किसी पौधे को फलने-फूलने के लिए निरंतर देखभाल की जरूरत होती है, उसी प्रकार समाज में आगे बढ़ने वाले व्यक्ति को भी सहयोग और समर्थन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, एकता और विश्वास ही लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने अपने संबोधन में कहा कि केसरपुर उनका जन्मस्थान है और गांव की जनता से उनका रिश्ता भावनात्मक है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जिम्मेदारियों के चलते भले ही उन्हें बाहर रहना पड़े, लेकिन गांव और यहां के लोगों के प्रति उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की जरूरत के समय वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
सक्लेनी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियां समाज में विभाजन को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता इस तरह की राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
इस अवसर पर बरेली महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा, पंडित राज शर्मा, पंडित राजन उपाध्याय, के.के. शर्मा, तीरथ मधुकर, उल्फत कठेरिया, डॉ. सरताज, साहिब सिंह, बंटी सिंह, रमेश श्रीवास्तव, कमरुद्दीन सैफी, नजमा जोया, पंकज उपाध्याय समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




