बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि मोहल्ले में शोक का माहौल बन गया।मृतक की पहचान केदार नाथ शर्मा उर्फ मोनू के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक एक बिजली की दुकान पर काम करता था और जगतपुर इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था। शुक्रवार सुबह उसने अपने घर में ही आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों का कहना है कि घटना के समय घर में सभी मौजूद थे ।
परिवार वालों ने किसी भी प्रकार के गृह क्लेश या पारिवारिक विवाद से इनकार किया है। उनका कहना है कि युवक सामान्य व्यवहार कर रहा था और किसी तरह की परेशानी की जानकारी नहीं दी थी।
सूचना मिलने पर बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया गया है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




