बरेली। पुलिस सेवा में 12 वर्षों के समर्पित और उत्कृष्ट कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करने वाले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य को आज एक और बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई। उत्तर प्रदेश शासन (गृह विभाग – पुलिस सेवाएं) के आदेशानुसार उन्हें सेलेक्शन ग्रेड में पदोन्नत करते हुए अतिरिक्त स्टार एवं कॉलर बैंड प्रदान किया गया। वहीं एडीजी दफ्तर में समस्त कार्यक्रम विप्लव शर्मा की देखरेख में हुआ।

इस अवसर पर बरेली जोन मुख्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह की अध्यक्षता रमित शर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), बरेली जोन ने की। पदोन्नति आदेश के अनुसार, अनुराग आर्य के कंधों पर अतिरिक्त स्टार (श्वेत धातु) एवं कॉलर बैंड पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी और एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा द्वारा सुशोभित किए गए।इस सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) और बरेली पुलिस मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा विभागीय कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

SSP अनुराग आर्य के कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता एवं अनुशासित कार्यशैली की सभी उपस्थित अधिकारियों ने प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी यह पदोन्नति न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे बरेली पुलिस बल के लिए भी गौरव का विषय है।

यह पदोन्नति उनके उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड और बरेली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में योगदान की पहचान है। पिछले वर्षों में उन्होंने कई महत्वपूर्ण अभियानों का सफल नेतृत्व किया है, जिनसे अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता मिली है।




