शाहजहांपुर में कांग्रेस–पुलिस आमने-सामने, धक्का-मुक्की में कई कार्यकर्ता घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

शाहजहांपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को कोर्ट से राहत मिलने के बाद गुरुवार को शाहजहांपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के घेराव का प्रयास किया। इस दौरान नगर निगम के पास पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें तीन से चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मामूली रूप से  घायल होने की सूचना है।

कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहीद उद्यान पार्क के पास स्थित कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। पूर्व सूचना के चलते पुलिस प्रशासन ने नगर निगम के पास बेरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। जैसे ही रैली आगे बढ़ने लगी, पुलिस ने उसे रोक दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कुछ देर हंगामे के बाद कांग्रेसी विरोध दर्ज कराते हुए वापस लौट गए।

घटना के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा आम जनता की बुनियादी समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए केवल योजनाओं के नाम बदलने और प्रचार में लगी हुई है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए धर्म और आस्था का सहारा ले रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा राम के नाम का राजनीतिक दुरुपयोग कर रही है, जबकि कांग्रेस को भगवान राम में पूरी आस्था और श्रद्धा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को ईडी और सीबीआई के जरिए राजनीतिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा, लेकिन सत्य की जीत हुई है।

कांग्रेस ने साफ कहा कि अगर भाजपा को देश में किसी राजनीतिक चुनौती का सामना है तो वह गांधी परिवार से है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता भाजपा की कथित तानाशाही नीतियों का लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जवाब देता रहेगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment