Kisan Samman Nidhi Scam :1.31 करोड़ के गवन में निलंबित पूर्व बैंक शाखा प्रबंधक का भेजा जेल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली, एनवीआई रिपोर्टर

बरेली जिले के कस्बा फरीदपुर स्थित जिला सहकारी बैंक की सायंकालीन शाखा में तैनाती के दौरान किसान सम्मान निधि और विधवा पेंशन योजना के लाभार्थियों के 1.31 करोड़ रुपये हड़पने वाले निलंबित तत्कालीन शाखा प्रबंधक को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी गौरव वर्मा जिला हरदोई के थाना माधोगंज क्षेत्र के गांव सेलापुर का रहने वाला है।

महाप्रबंधक सर्वेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व वाली टीम की प्रारंभिक जांच में बरेली के कस्बा फरीदपुर स्थित जिला सहकारी बैंक की सायंकालीन शाखा में 1.31 करोड़ रुपये घोटाले का खुलासा हुआ था। जांच में पता चला कि बैंक शाखा के तत्कालीन कैशियर चंद्र प्रकाश, दीपक पांडे, मुकेश कुमार गंगवार के साथ मिलकर गौरव वर्मा ने किसान सम्मान निधि और विधवा पेंशन योजना में गोलमाल किया।

जांच के मुताबिक कैशियर चंद्र प्रकाश ने अपनी यूजर आईडी से आरती देवी के खाते में तीन आधार नंबर फीड किए हैं। किसान सम्मान निधि के 26 हजार इसी खाते में प्राप्त किए और भुगतान दिखाकर रुपये निकाल लिए। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के वरिष्ठ सहायक अंकित कुमार ने 8 जुलाई को सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। अब जाकर आरोपी गौरव पुलिस के हत्थे चढ़ा।

पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपी गौरव वर्मा ने बताया कि मई 2022 में शाखा प्रबंधक बनने के बाद उसने लिपिक चंद्र प्रकाश के कहने पर अपने सिस्टम का आईडी-पासवर्ड उसे दे दिया। इसके बाद चंद्र प्रकाश ने करीब 550 फर्जी खाते खोलकर गलत आधार नंबर से लिंक कर दिया। इन्हीं खातों के जरिए लगभग 90 लाख रुपये निकाल लिए गए। गौरव ने यह भी बताया कि उसके आने से पहले ही पूर्व शाखा प्रबंधक मुकेश गंगवार के कार्यकाल में करीब 40-45 लाख रुपये का गबन हो चुका था।

पुलिस बैंक के आंतरिक दस्तावेजों, लेन-देन रजिस्टर और सर्वर लॉग की बारीकी से जांच कर रही है। मामले में जल्द ही फॉरेंसिक ऑडिट भी कराया जा सकता है। प्रभारी निरीक्षक फरीदपुर राधेश्याम का कहना कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जल्दी ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। मामले की निगरानी एसपी साउथ अंशिका वर्मा खुद संभाल रही हैं।

नॉन ऑपरेटिव खाते खुद की यूजर आईडी से किए जीवित

जांच में पता चला कि तीन मार्च 2022 को शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार गंगवार और कैशियर चंद्र प्रकाश ने अपनी-अपनी यूजर आईडी से बिटोली के नाम के खाते को संचालित किया। इससे 49,600 रुपये डेबिट कर राममूर्ति देवी के खाते में क्रेडिट किए। उसी दिन राममूर्ति के खाते से 49,500 रुपये शाखा प्रबंधक और कैशियर ने निकाल भी लिए। इसी तरह जिन 92 खातों में लंबे समय से लेन-देन नहीं हुआ था, उनको भी ऑपरेट किया गया।

शिवदयाल का खाता नॉन ऑपरेटिव था। मेगा सॉफ्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम पर दूसरे का आधार नंबर फीड कराकर खाते को ऑपरेट किया। इस खाते से आठ नवंबर 2023 को शाखा प्रबंधक गौरव शर्मा व कैशियर चंद्र प्रकाश ने यूजर आईडी का प्रयोग कर नौ हजार रुपये और 13 नवंबर 2024 को शाखा प्रबंधक दीपक पांडेय व कैशियर चंद्र प्रकाश ने सात हजार रुपये का गबन किया है।

एसपी दक्षिणी आईपीएस अंशिका वर्मा ने कहा कि जालसाजी करके 1.31 करोड़ रुपये हड़पने के आरोपी पूर्व शाखा प्रबंधक गौरव वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज