बरेली के थाना प्रेमनगर पुलिस ने 25- 25 हजार के दो इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाश पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। इन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश अलीगढ़ से चोरी की गई बाइक से शहर में लूट की वारदात करते थे। पुलिस की गोली लगने से घायल हुए दोनों बदमाश हाथ जोड़कर बोले कि अब भविष्य में कभी भी लूट नहीं करेंगे। पकड़े गए आरोपियों के पास से तमंचे और लूटी की चेन के साथ नगदी भी बरामद हुई है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि गुरुवार की सुबह कानून गोयान चौकी प्रभारी चंद्रवीर सिंह, शाहबाद चौकी प्रभारी मो. सरताज, अशरफ खां छावनी चौकी इंचार्ज समेत अन्य पुलिस फोर्स के साथ गुरुवार को सुबह करीब पांच बजे आरोपियों की तलाश में थे। इस दौरान कुदेशिया फाटक के पास चंपतराय बाग के पास पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों की घेराबंदी की। पुलिस की घेराबंदी होती देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान सलमान निवासी लोको कॉलोनी नई बस्ती थाना सिविल लाइन अलीगढ़ और इस्लाम कादिर निवासी बानखाना थाना प्रेमनगर के रूप में की। पकड़े गए आरोपियों पर पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अलीगढ़ से चोरी की बाइक का वारदात में करते थे इस्तेमाल
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उन्होंने अलीगढ़ से बाइक चोरी करके शहर में लूट करना शुरू की थी। शास्त्रीनगर मंदिर के पास 1 अगस्त को एक महिला की चेन लूटी थी। इसमें आधी चेन ही उनके हाथ आई, जबकि आधी चेन महिला के गले में रह गई। इसके अलावा 3 अगस्त को राजेन्द्र नगर में एक महिला से चेन लूटी थी। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटी हुई चेन, दो तमंचे, 45 हजार रुपये बरामद किए हैं।




