डांस कर रही महिलाओं पर लुटाए नोट तो चल गई गोली, बिना दुल्हन लौटी बरात

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली के थाना क्योलड़िया क्षेत्र में बरात में डीजे पर डांस करने के दौरान महिलाओं पर नोट लुटाने को लेकर बवाल हो गया। कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे के बहनोई ने मैरिज हॉल में फायरिंग कर दी। फायरिंग में दुल्हन की मां समेत पांच लोग घायल हो गए। इससे गुस्साए दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा और बरातियों को बंधक बना लिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों का शांत कराया। पुलिस ने दूल्हा के पिता को हिरासत में ले लिया है।

यूपी के जिला बरेली के थाना क्योलड़िया क्षेत्र के गांव मधुनगला के पूरनलाल की बेटी नीलम की 08 जुलाई को शादी थी। बरात पीलीभीत जनपद के थाना बीसलपुर क्षेत्र निवासी भीमसेन का बेटा सत्यवीर बरात लेकर आया था। शादी समारोह क्योलड़िया स्थित एक मैरिज हॉल में रखा गया था। आरोप है कि बरातियों ने नाश्ता करने के बाद डीजे पर डांस शुरू कर दिया। डीजे पर दुल्हन पक्ष की महिलाएं और युवतियां डांस कर रही थीं।

आरोप है कि इसी बीच दूल्हे के बहनोई ने लड़कियों पर नोट उड़ाना शुरू कर दिया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। उस वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद बरात चढ़ने का कार्यक्रम संपन्न हो गया। बताते हैं कि शादी की रस्मों के दौरान गुरुवार सुबह करीब 04 बजे कन्यादान कार्यक्रम चल रहा था।

उसी दौरान दूल्हे का बहनोई ज्ञानी गाड़ी में दर्जन भर लोगों के साथ लाठी-डंडे और तमंचे लेकर मैरिज हॉल जा धमका। इन लोगों ने लड़की की मां सोमवती, दो भाइयों से गाली-गलौज कर मारपीट की। आरोपियों ने हवाई फायरिंग करते हुए दहशत फैला दी। इस पर गुस्साए दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा, उसके फूफा और बरातियों को बंधक बना लिया, और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। शादी समारोह में बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां पुलिस को मौके पर कारतूस और खोखा मिले हैं।

दुल्हन के भाई प्रियांशु की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने दूल्हा के बहनोई समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दूल्हा के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी राजबली सिंह ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

दुल्हन बोली- अब शादी नहीं करूंगी, सबक सिखाऊंगी

बताते हैं कि बुधवार सुबह कन्यादान की रस्में चल रही थीं। इसी बीच दूल्हे का बहनोई अपने साथियों समेत वहां जा धमका। उसने दुल्हन के परिजनों से मारपीट कर फायरिंग कर दी। इसके बाद मौके से फरार हो गया। घटना में दुल्हन की मां-भाई समेत पांच लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया गया। यहां घायलों का उपचार किया गया। दूल्हा पक्ष के लोग समझौता करने का प्रयास करने लगे। मगर दुल्हन शादी करने से साफ इनकार कर दिया। कहा-अब शादी नहीं करूंगी, इनको सबक सिखाऊंगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज