बदायूं: गांधी मैदान नुमाइश में भीषण आग, 24 दुकानें जलकर खाक, तीन लोग झुलसे

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

पंकज गुप्ता

बदायूं । शहर के गांधी मैदान में चल रही नुमाइश (प्रदर्शनी) में सोमवार सुबह करीब आठ बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। आग की चपेट में आकर 24 दुकानें जलकर राख हो गईं, जबकि गैस सिलेंडर फटने से धमाके भी हुए। हादसे में तीन दुकानदार झुलस गए।

प्रदर्शनी में लगी दुकानों में क्रॉकरी, खिलौने, जूते-चप्पल और किचन आइटम आदि का भारी नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों और एक बोलेरो कैंपर ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दुकानों में रखे पांच किलो के गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फटने लगे जिससे आग ने तेजी से फैलकर कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। झुलसे दुकानदारों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम प्रशासन अरुण कुमार सहित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

एडीएम अरुण कुमार ने बताया कि घटना में जनहानि नहीं हुई है। नुकसान का आंकलन तहसील की टीम द्वारा किया जा रहा है, जबकि मेला ठेकेदार भी क्षति का विवरण तैयार कर रहे हैं।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज