पेड़ों की कटाई से व्यथित डॉ. सत्यप्रकाश मिश्रा की अनोखी पर्यावरणीय पहल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

अपने 70वें जन्मदिन पर लगाएंगे 70 पौधे, कांट और ददरौल ब्लॉक के 70 गांवों को लिया गोद

कमलेश शर्मा

शाहजहांपुर। जनपद के वरिष्ठ चिकित्सक, समाजसेवी और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले डॉ. सत्यप्रकाश मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की है। पर्यावरण प्रदूषण से चिंतित डॉ. मिश्रा ने अपने 70वें जन्मदिन पर 70 पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही उन्होंने कांट और ददरौल ब्लॉक के 70 गांवों को गोद लेकर वहां व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने का निर्णय लिया है।

मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. मिश्रा ने बताया कि आज के दौर में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से धरती की हरियाली खत्म होती जा रही है। प्रतिदिन लाखों पेड़ काटे जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संतुलन खतरे में पड़ गया है। हवा में जहरीली गैसों की मात्रा बढ़ने से दमा, टीबी और सांस संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, “यदि पेड़ों की कटाई इसी तरह जारी रही, तो वह दिन दूर नहीं जब लोगों को सांस लेने के लिए ऑक्सीजन की बोतलों पर निर्भर रहना पड़ेगा।” इस चेतावनी के साथ उन्होंने समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का बीड़ा उठाया है।

हर सप्ताह गांव-गांव चौपाल लगाएंगे

डॉ. मिश्रा ने यह भी घोषणा की कि वे हर सप्ताह किसी एक गांव में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को प्रदूषण से होने वाले खतरों से अवगत कराएंगे और उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस मुहिम में शामिल होने की अपील की है।

“पेड़ बचाओ, जीवन बचाओ” के संदेश को लेकर डॉ. सत्यप्रकाश  मिश्रा की यह पहल न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि समाज के लिए एक नई दिशा भी प्रस्तुत करती है।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment