चोरी के तीन आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक घायल; पुलिस कांस्टेबल भी जख्मी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

बरेली:थाना देवरनियां क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि मुठभेड़ में एक पुलिस कांस्टेबल भी जख्मी हो गया। मौके से कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने का प्रयास कर रही थी, तभी आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी दानिश पुत्र जमील अहमद निवासी नवादा, घायल हो गया। अन्य दो आरोपियों नाजिम पुत्र इनायत हुसैन और परवेज पुत्र अब्दुल वहीद, दोनों निवासी नवादा, को भी मौके से दबोच लिया गया।

मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल रोहित भी घायल हो गए। घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो नाजायज चाकू, करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकद 40,000 रुपये बरामद किए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने देवरनियां और शेरगढ़ क्षेत्र में पहले हुई कई चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। पुलिस ने इन मामलों से संबंधित माल भी बरामद कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों और थानों से जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment