शाहजहांपुर में सड़क हादसे में कथावाचक की मौत, परिजनों ने जताई लूट की आशंका

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

शाहजहांपुर। जिले के रोजा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से कथावाचक सतीश शुक्ला की मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम जमुका दोराहा के पास हुआ। सतीश शुक्ला हरदोई जिले के पारा गांव के निवासी थे और पिछले दस वर्षों से शाहजहांपुर के बंतारा स्थित एक आश्रम में पत्नी के साथ रह रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम सतीश शुक्ला साइकिल से बाजार के लिए निकले थे। इसी दौरान जमुका दोराहा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शव की तस्वीरें आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों तक पहुंचाई गईं। जिसके बाद मृतक की पहचान हरदोई के रहने वाले कथावाचक सतीश शुक्ला के रूप में हुई। शुक्रवार सुबह परिजन शाहजहांपुर पहुंचे और शव की पुष्टि की।

परिजनों का कहना है कि सतीश शुक्ला के पास से न तो उनकी साइकिल मिली है और न ही जेब में रखे रुपये, जिससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि हादसे के बाद लूट की गई हो।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होगी।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज