कमलेश शर्मा
शाहजहांपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर मीडिया से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का वर्तमान कार्यकाल इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा।
खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश हर साल 53 हजार सात करोड़ रुपये ब्याज के रूप में देता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “अगर कर्ज न लेते तो एक्सप्रेस-वे कैसे बनता?” उन्होंने बताया कि अब टोल टैक्स के जरिये लिए गए कर्ज को चुकाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई सरकार कर्ज लेकर उसे समय से चुकाने की क्षमता रखती है, तो वह गलत नहीं है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए कर्ज लेना एक रणनीतिक आवश्यकता है। उत्तर प्रदेश में एक लाख 12 हजार करोड़ रुपये का पूंजी निवेश हो चुका है, जिससे नई संपत्तियां बन रही हैं और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। खन्ना के अनुसार, जिस बजट में पूंजीगत निवेश अधिक होता है, उसे ही अच्छा माना जाता है।
मंत्री ने कहा कि आज देश नवाचार और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहले भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति होती थी, अब पारदर्शिता और प्रदर्शन पर जोर है। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अब डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
स्वास्थ्य और आर्थिक मोर्चे पर भी बदलाव के उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले इलाज कराने से पहले सोचना पड़ता था, लेकिन अब आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। साथ ही भारत अब ‘मेक इन इंडिया’ की बदौलत एक्सपोर्ट में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
