
पंकज शर्मा
अलीगढ़ । गभाना थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को खेत से जबरन गाड़ी में डालकर राजस्थान में ले जाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पड़ोसी गांव के तीन सगे भाईयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक गांव निवासी व्यक्ति का कहना है कि 18 मई को उनकी बेटी घर से खेत पर खाना देने जा रही थी, तभी पड़ोसी गांव खेड़िया है वतखां निवासी रामखिलाड़ी के बेटे राजन, रॉकी व रवि उसे जबरन एक कार में डालकर राजस्थान ले गए। आरोप है कि वहां अलग-अलग स्थानों पर तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर 27 मई को उसे गांव में ईंट भट्ठे के पास फेंक गए। किसी तरह उसे जानकारी हुई तो वे जब वहां पहुंचे तो बेटी बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। बेटी ने होश में आने पर सारी घटना की जानकारी दी। बताया कि आरोपित राजन उसके साथ पिछले तीन माह से इकलौते भाई व उसे मार डालने की धमकी देकर दुष्कर्म कर रहा था। जिससे उसे दो माह का गर्भ भी है। लोक-लाज के चलते वे चुप रहे। उन्होंने बुधवार को थाने पहुंचकर मामले में तीनों नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ गभाना विशाल चैधरी ने बताया कि मामले में दुष्कर्म व पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज कर पीड़ित किशोरी का डाक्टरी परीक्षण कराकर जांच की जा रही है।




