क्योलड़िया। क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की लगातार मिल रही सूचनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार देर शाम चिठिया रहमत अली गांव में खेत पर खाद डाल रहे किसान वीरपाल के सामने अचानक तेंदुआ आ गया। तेंदुए को देखते ही किसान घबरा गया और शोर मचाते हुए खेत से गांव की ओर भाग निकला। घटना के बाद आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल है।

इससे पहले शुक्रवार को रुकुमपुर में ग्रामीणों ने खेत में तेंदुआ देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी थी। इस दौरान खेत में बैठे तेंदुए की तस्वीर भी मोबाइल कैमरे में कैद होने की बात सामने आई, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीमों ने रुकुमपुर, गुलड़िया लेखराज, चंदपुर ख्याली राम और चिठिया रहमत अली समेत आसपास के गांवों में कांबिंग की।
शनिवार को ललौर-गुदरानपुर मार्ग और गन्ने के खेत में भी तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद वन विभाग ने अप्सरा नदी के आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ा दी। टीमों ने संभावित स्थानों पर कांबिंग कर तेंदुए की मौजूदगी के संकेत तलाशे।
वन क्षेत्राधिकारी नवाबगंज केके मिश्रा ने बताया कि पिछले एक महीने से क्षेत्र में तेंदुआ होने की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं, लेकिन अभी तक तेंदुए की मौजूदगी का कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है। फिलहाल क्षेत्र में लगातार कांबिंग की जा रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए एक पिंजड़ा भी लगाया गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर जाने से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या पीछा करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें। टीमों की निगरानी लगातार जारी है।



