
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक हैरतअंगेज घटना सामने आई है | जहां गंगा के बहते पानी से एक मासूम बच्ची लकड़ी के बॉक्स में मिली है | बॉक्स के अंदर कई देवी देवताओं के फोटो लगे हैं साथं ही बॉक्स में एक जन्म कुंडली भी रखी है। मामले की जानकारी होते ही पुलिस मासूम को आशा ज्योति केंद्र ले गयी है। जानकारी के मुताबिक सदर कोतवाली क्षेत्र के ददरी घाट पर एक मासूम बच्ची बॉक्स में लावारिश हालत में मिली थी | बताया जा रहा है कि ददरी घाट पर एक लकड़ी के बॉक्स से एक बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी | इसी दौरान आसपास के गुजर रहे लोगो को भी घटना की जानकारी हो गई | लोगो की मौजूदगी में बॉक्स को खोला तो लकड़ी के बॉक्स में एक मासूम बच्ची थी। बॉक्स में देवी देवताओं के फोटो लगे हुए थे साथ ही एक जन्म कुंडली भी रखी हुई थी । कुंडली में बच्ची का नाम गंगा लिखा था। बॉक्स में निकली बच्ची को नाविक अपने घर ले गया।लेकिन स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।सूचना पर पुलिस टीम नाविक के घर पहुंची,और बच्ची को आशा ज्योति केंद्र ले गयी।जहां मासूम का पालन पोषण किया जा रहा है।मासूम बच्ची पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित बतायी जा रही है।
बच्ची के मामले पर सीएम ने लिया संज्ञान
सीएम योगी आदित्यनाथ के मामले का संज्ञान में लेने के बाद गाजीपुर के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने महिला अस्पताल पहुंचकर मासूम बच्ची का हालचाल जाना साथ ही उन्होंने डॉक्टरों से बच्ची के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।डीएम ने नाविक गुल्लू चौधरी के घर जाकर बात की और पूरे मामले की जानकारी ली ।डीएम ने मीडिया को बताया कि सीएम के निर्देश पर बच्ची के पालन पोषण के लिए जरूरी कार्यवाही की जा रही है।उन्होंने यह बताया कि सीएम के निर्देश पर नाविक को भी दी जाने वाली सुविधाओं और योजनाओं के लाभ की भी कार्यवाही कि जा रही है।




