
बरेली | मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार एवं ज़िलाधिकारी नितीश कुमार ने आज 75 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर सभी की इस पावन पर्व की शुभकामनाएँ दीं। कमिश्नरी प्रांगण में मंडलायुक्त ने प्रात: आठ बजे ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पुलिस गार्डस की टुकड़ी ने मंडलायुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं अन्य लोगों ने राष्ट्रगान गाया। इसके बाद मंडलायुक्त एवं अन्य सभी लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद मंडलायुक्त ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के लिए जिन वीरों ने अपने प्राण न्यौछावर किए हैं, उनकी क़ुर्बानी को व्यर्थ नहीं जाने देना है। उनके प्राणों की आहुति को बेकार नहीं जाने देना है। हमें देश के विकास के लिए अपने आपको समर्पित करना चाहिए, यही उन वीरों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कलेक्ट्रेट प्रांगण में जिलाधिकारी नितीश कुमार ने इस अवसर पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के बाद उपस्थित समूह को सम्बोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की 75 वी वर्षगांठ की शुभकामनाएं दी और कहा कि हमे स्वतंत्रता बहुत संघर्ष के बाद मिली है, इसको संजोकर हमें अपनी विरासत के रुप में बनाए रखने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि हमें उन शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना होगा जिन्होंने अपने देश को आजाद कराने में अपने आप को क़ुर्बान कर दिया। उन्होंने कहा कि हमको जो भी दायित्व मिला है उसको पूरी ईमानदारी के साथ निभाना चाहिए, ताकि अपने देश को आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त की जा सके।

उन्होंने कहा कि कोविड 19 के समय सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपना अपना सहयोग प्रदान किया और सभी के सहयोग से ही कोरोना पर विजय प्राप्त की गई है। उन्होंने कहा कि कोविड 19 प्रोटोकाल का अभी भी सभी को पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कोविड 19 का टीकाकरण नही कराया है वह लोग टीकाकारण अवश्य कराएं। ज़िलाधिकारी नितीश कुमार ने इस अवसर पर अध्यापको का आवाहन किया कि माध्यमिक विद्यालय खुलने जा रहे हैं, सभी शिक्षक बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्तरीय शिक्षा दें, बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उनके जीवन को अधिक से अधिक अच्छा बनाने की प्रेरणा दें। उन्होंने कहा कि जो भी जिस पद पर है उस पद पर निष्ठापूर्वक अच्छा कार्य करते हुए देश को विकास की ओर ले जाने का आज संकल्प ले। अपर ज़िलाधिकारी, वित्त, प्रशासन एवं नगर आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।




