बरेली। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर बरेली पुलिस लाइन में भक्ति, उल्लास और उमंग का अनूठा संगम देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चे कान्हा का रूप धारण कर पहुंचे, तो बच्चियां राधा की वेशभूषा में सजी नजर आईं। बच्चों के मनमोहक रूप और उत्साह ने पूरे माहौल को कृष्णमय कर दिया।

पुलिस लाइन परिसर में जन्माष्टमी कार्यक्रम के लिए भव्य तैयारियां की गई थीं, लेकिन अचानक हुई बारिश ने आयोजन में खलल डाल दिया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल को रविंद्रालय सभागार में स्थानांतरित किया गया। आयोजन स्थल बदलने के कारण कार्यक्रम कुछ देर से शुरू हुआ, लेकिन बच्चों और उनके परिवारों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए जन्माष्टमी के उत्सव को और भव्य बना दिया। कृष्ण और राधा के रूप में सजे बच्चों ने अपनी मासूमियत और आकर्षक वेशभूषा से सभी का ध्यान खींचा। सभागार में मौजूद लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।वही मथुरा से आए कलाकारों ने अपनी जोरदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं मन जीत लिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के परिवारों की भी मौजूदगी रही। एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी ग्रामीण साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी क्राइम मनीष सोनकर समेत तमाम आला अधिकारियों के परिवार कार्यक्रम में शामिल हुए।
बारिश ने भले ही आयोजन की जगह बदल दी, लेकिन बच्चों की ऊर्जा और उत्साह ने रविंद्रालय सभागार को उत्सव के रंग में रंग दिया। देर से शुरू हुआ कार्यक्रम भी बच्चों की प्रस्तुतियों के चलते यादगार बन गया और जन्माष्टमी का उल्लास देर तक छाया रहा।



