जिला अस्पताल से बुर्के में फरार हुई महिला अभियुक्ता, पुलिस को चकमा देकर निकली; मामले की जांच में जुटी पुलिस

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती एक महिला अभियुक्ता के बुर्के में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला सामने आया है। महिला बाथरूम जाने के बहाने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल से निकल गई। घटना के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पूरे मामले की जांच की जा रही है कि आखिर महिला अस्पताल से पुलिस की निगरानी के बावजूद किस तरह बाहर निकलने में सफल रही।

 

फोटो में बरेली जिला अस्पताल

मामला बरेली के जिला अस्पताल का है। पुलिस के मुताबिक, 48 वर्षीय ममता देवी पत्नी पप्पू वाल्मीकि, निवासी तुला, थाना इज्जतनगर को 31 अगस्त को जिला कारागार से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। महिला फरीदपुर थाने में दर्ज एक गंभीर मामले में अभियुक्त है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

न्यायालय में पेशी के दौरान महिला की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी निगरानी के लिए पुलिस लाइन से दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की शाम करीब छह बजे महिला ने बाथरूम जाने की बात कही। इसी दौरान वह बुर्का पहनकर अस्पताल से बाहर निकल गई और पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गई। महिला के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।

कई स्थानों पर दबिश, नहीं मिली लोकेशन

महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। हालांकि अभी तक उसकी कोई लोकेशन पुलिस के हाथ नहीं लगी है।

दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित

घटना में ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निगरानी में तैनात दोनों महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग की ओर से मामले में विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।

थाना प्रभारी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी

कोतवाली थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि महिला अभियुक्ता की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। अभी तक महिला की कोई लोकेशन नहीं मिल पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment