सेंथल (बरेली)। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के सैंथल कस्बे में नमाज को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और धमकी तक पहुंच गया। एक अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि मौलाना के पीछे नमाज न पढ़ने की बात पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने इस मामले में मौलाना समेत चार नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अधिवक्ता अख्तर अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार शाम करीब 5:15 बजे मौलाना खुर्शीद के कहने पर भूरा उर्फ इरफान अपने बेटे दानिश और करीब 50 अन्य लोगों के साथ उनके घर पर बने चैंबर में पहुंच गया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी गई और कहा गया कि तू मौलाना के पीछे नमाज नहीं पढ़ता, तुझे जान से मार देंगे।
अधिवक्ता का आरोप है कि इस दौरान इरफान उर्फ भूरा ने उनका गला दबाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। हंगामे के दौरान चैंबर में रखी जरूरी केस फाइलें फाड़ दी गईं। साथ ही आरोप है कि आरोपियों ने फाइलें जलाने और चैंबर में आग लगाने की धमकी भी दी।
तहरीर में अधिवक्ता ने यह भी कहा कि वह मौलाना खुर्शीद के पीछे नमाज पढ़ना नहीं चाहते थे, जिससे यह विवाद खड़ा हुआ।
मामले में थाना हाफिजगंज पुलिस ने मौलाना खुर्शीद समेत चार नामजद और 50 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हाफिजगंज पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 115(2), 352, 352(2), 324(4) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



