अखिलेश यादव पर टिप्पणी से भड़के सपाई, बरेली कलेक्ट्रेट पर संगीत सोम का पुतला फूंका

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बरेली में सपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। गुरुवार को यूथ ब्रिगेड समेत पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए संगीत सोम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद उनका पुतला जलाकर विरोध जताया गया।

सोर्स।न्यूज वोक्स

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी घेरा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी चीजों के दाम बढ़ने से परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

 

प्रदर्शन में सपा कार्यकर्ता हाथों में प्याज और चीनी से भरे बैग लेकर पहुंचे। इन सामानों को दिखाकर उन्होंने महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने सरकार से खाद्य पदार्थों की कीमतों पर नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग की।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की ओर से विपक्षी नेताओं को लेकर लगातार विवादित और आपत्तिजनक बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। अखिलेश यादव के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर कार्यकर्ताओं ने संगीत सोम की निंदा की और कार्रवाई की मांग उठाई।

पुतला दहन के दौरान कलेक्ट्रेट गेट पर कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक नारेबाजी की। सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर आगे भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment