सांप के डसने के बाद युवक की मौत, छह दिन बाद बिगड़ी हालत ने ली जान

SHARE:

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में सांप के डसने का एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक की इलाज के बाद घर लौटने के छह दिन बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।

इज्जतनगर क्षेत्र के मुड़िया अहमदनगर निवासी 30 वर्षीय राकेश पुत्र परमानंद को 11 मार्च को खेत में काम करते समय सांप ने डस लिया था। बताया जा रहा है कि राकेश सरसों की कटाई कर रहा था, तभी खेत में घुसी एक गाय को भगाने के लिए वह आगे बढ़ा। इसी दौरान वहां मौजूद सांप ने उसके पैर में काट लिया।

घटना के बाद परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। हालत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया। कुछ दिन तक वह सामान्य रहा, लेकिन करीब छह दिन बाद अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई।
परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों का आरोप है कि सांप के काटने के बाद शरीर में जहर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ, जिसके चलते उसकी जान चली गई। वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची इज्जतनगर पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!