बरेली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर बरेली में 15 से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अजय पाल सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देशन में 15 जून को सुबह 6 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। उद्घाटन समारोह में सांसद छत्रपाल गंगवार, जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि और महर्षि पतंजलि के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से होगी।
उन्होंने बताया कि 15 से 21 जून तक जिले, तहसील और ब्लॉक स्तर पर प्रतिदिन सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग रखी गई है, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में भी लोगों को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखना है।
डॉ. सिंह ने बताया कि 14 जून को देश-विदेश के लाखों लोग ऑनलाइन योगाभ्यास कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेंगे। इच्छुक व्यक्ति टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर लिंक प्राप्त कर इस अभियान से जुड़ सकते हैं।
योग सप्ताह के दौरान योगासन, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा।
प्रतिभागी पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। प्रत्येक वर्ग में पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा, जिसमें प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।

डीएम बरेली ने योगा डे पर की यह अपील
जिलाधिकारी बरेली अविनाश सिंह ने जनपदवासियों से 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 15 जून को प्रातः 6 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम, बरेली में आयोजित योग सप्ताह के उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के साथ-साथ तनाव, चिंता और अन्य मानसिक समस्याओं से भी बचाव संभव है। वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नागरिक कार्यक्रम में सहभागी बनें और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लें।




