बेगुल नदी में नहाने गए युवकों पर टूटा कहर, किशोर समेत दो की डूबने से मौत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। गर्मी से राहत पाने के लिए बेगुल नदी में नहाने पहुंचे युवकों के साथ सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। फरीदपुर क्षेत्र के ढकनी गुलाब नगर गांव के पास नदी में नहाते समय दो युवक गहरे पानी में समा गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।

 

घटना स्थल पर पुलिस के तमाम अधिकारी

बताया जा रहा है कि कई युवक शाम के समय घर से बिना बताए नदी किनारे पहुंचे थे। तेज गर्मी के चलते सभी पानी में उतर गए। नहाने के दौरान चार युवक अचानक गहराई वाली जगह पर पहुंच गए और डूबने लगे। साथियों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।

सूचना मिलते ही फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि आदित्य ठाकुर (16) निवासी कानूनगोयान, फरीदपुर और अभिषेक (24) निवासी बढ़ाई, बदायूं को बाहर निकालने तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने भी मौके का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गर्मी के मौसम में नदियों और तालाबों में नहाने के दौरान हो रहे हादसों ने एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया है। वहीं फरीदपुर थाना प्रभारी ने घटना में दो युवकों की मौत की पुष्टि की है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज