घरेलू विवाद से परेशान व्यक्ति ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच जारी

SHARE:

बरेली ।सुभाषनगर थाना क्षेत्र के करगैना स्थित गंगानगर कॉलोनी में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 42 वर्षीय राजकुमार गिरी के रूप में हुई है, जो पेशे से वाहन चालक थे। परिवार के लोगों का कहना है कि वह शराब के आदी थे और इसी कारण घर में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। उनकी पत्नी एक शिक्षामित्र हैं और दोनों ने कई वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था।

बताया जा रहा है कि घटना के दिन पत्नी रोज की तरह अपने कार्य पर गई थीं। दोपहर में घर लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो पति पंखे से लटके हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे एक बेटी छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में गहरा दुख का माहौल है।
थाना सुभाषनगर के इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!