नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से दो लोगों की मौत, दो घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया तथा मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल रेड्डी (ठेला) में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल रेड्डी पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में 25 वर्षीय राम पुत्र मुंशी निवासी ईसापुर थाना निगोही, जनपद शाहजहांपुर की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं हादसे में 14 वर्षीय लेखपाल पुत्र मलखान , सोमपाल पुत्र सुरेश और पारो पुत्री मुलुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन लेखपाल पुत्र मलखान की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग शाहजहांपुर जिले के ईसापुर गांव से पंजाब की ओर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस मौके पर पहुंच गई और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। हादसे के चलते कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और नेशनल हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज