पहली विदाई से पहले उजड़ गया सुहाग: शादी के चार दिन बाद युवक की संदिग्ध मौत से पसरा मातम

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। जिस घर में नई दुल्हन की पहली विदाई की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। शादी के महज चार दिन बाद एक नवविवाहित युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। घटना सीबीगंज थाना क्षेत्र की है, जहां युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों और रिश्तेदारों की आंखें नम हो गईं।

 

पुलिस के अनुसार खड़ौआ और पस्तोर रेलवे क्रॉसिंग के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराने का प्रयास किया। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान जौहरपुर निवासी 25 वर्षीय रामजी शर्मा के रूप में हुई।

फोटो।सोशल मीडिया

परिजनों ने बताया कि रामजी का विवाह 19 जून को धूमधाम से संपन्न हुआ था। कुछ दिन पहले ही दुल्हन की विदाई हुई थी और परिवार में खुशियों का माहौल था। गुरुवार को पहली विदाई की रस्म के लिए ससुराल पक्ष के लोगों के आने की तैयारी चल रही थी। लेकिन उससे पहले ही आई इस दुखद खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

रामजी एक निजी कार एजेंसी में कार्यरत था और अपने परिवार में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके और घर पर पहुंच गए। नई नवेली दुल्हन और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment