बरेली के आईवीआरआई पुल पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुल से गुजर रही एक महिंद्रा कार अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में वाहन आग का गोला बन गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार महिंद्रा कार डेलापीर की ओर जा रही थी। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही कार आईवीआरआई पुल पर पहुंची, तभी इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही कार के अगले हिस्से में तेज आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही क्षणों में बोनट पूरी तरह लपटों में घिर गया।
घटना देखकर राहगीरों और अन्य वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। चालक ने तुरंत वाहन रोका और बाहर निकल आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारण पुल पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने के बाद फायर स्टेशन इज्जतनगर से दमकल की गाड़ी करीब सात मिनट में मौके पर पहुंच गई।
फायर कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया और आग को फ्यूल टैंक तक पहुंचने से रोक दिया। वहीं इज्जतनगर पुलिस ने पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक रोक दिया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया।करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार का बोनट और इंजन बुरी तरह जल चुके थे। आग लगने के चलते करीब आधे घंटे तक पुल पर जाम की स्थिति बनी रही।
सीएफओ बरेली मनु शर्मा ने बताया कि आईवीआरआई पुल से गुजरते समय महिंद्रा कार में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। कार के मालिक का नाम इंद्रेश यादव बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।



