लखनऊ की विज्ञानपुरी कॉलोनी में दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। महानगर कोतवाली क्षेत्र की विज्ञानपुरी कॉलोनी सोमवार रात खौफ और मातम से भर उठी जब एक युवक ने अपनी सौतेली बेटी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी आरोपी ने घायल कर दिया। पुलिस ने हमलावर सौतेले पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना रात करीब पौने आठ बजे की है। मृतका की मां रेखा राजपूत अपनी 19 वर्षीय बेटी सिमरन के साथ रहती हैं। पति की मृत्यु के बाद रेखा ने करीब एक वर्ष पूर्व विकास चंद्र पांडेय से दूसरी शादी की थी। सोमवार को विकास घर आया हुआ था, तभी किसी बात को लेकर सिमरन से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ते ही उसने अचानक चाकू से सिमरन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर रेखा जब बचाने आईं तो आरोपी ने उन पर भी वार किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
घरेलू विवाद बना हत्या की वजह
डीसीपी मध्य आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सिमरन और विकास के बीच अक्सर संपत्ति और घरेलू मामलों को लेकर विवाद होता था। पूछताछ में सामने आया कि विकास बेरोजगार था और रेखा की संपत्ति पर अधिकार जताता था। सिमरन को उसका दखल पसंद नहीं था, जिस वजह से दोनों में अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेखा के पहले पति डॉक्टर थे, लेकिन पुलिस को इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। सिमरन एमिटी यूनिवर्सिटी से बीसीए की पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
