पिता-पुत्र की काली कमाई पर पुलिस का शिकंजा, 3.20 करोड़ की संपत्ति सीज

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर पिता-पुत्र की करोड़ों रुपये की संपत्ति को फ्रीज करा दिया है। थाना मीरगंज क्षेत्र के रहने वाले पंकज उपाध्याय उर्फ पंकज शर्मा और उसके पुत्र रोहित शर्मा से जुड़ी करीब 3 करोड़ 20 लाख 15 हजार रुपये की चल-अचल संपत्तियों पर कानूनी कार्रवाई की गई है।

 

पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई जांच में सामने आया कि आरोपितों ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन को विभिन्न संपत्तियों में निवेश किया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर सफेमा कोर्ट, नई दिल्ली ने 22 जून 2026 को संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश जारी किया। कार्रवाई के दायरे में चार वाहन और चार प्लॉट शामिल हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

एसपी ग्रामीण (दक्षिण) अंशिका वर्मा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्ति को बचाने का मौका किसी को नहीं दिया जाएगा और ऐसे मामलों में आर्थिक जांच को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पंकज शर्मा के खिलाफ विभिन्न राज्यों में एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना मीरगंज का हिस्ट्रीशीटर भी रहा है और नशा तस्करी के मामलों में कई बार जेल जा चुका है। वहीं उसका पुत्र रोहित शर्मा भी पुलिस की निगरानी सूची में शामिल है। उसके खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज हैं और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में सक्रिय अन्य नशा तस्करों की आर्थिक गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। उनके बैंक खातों, निवेशों और चल-अचल संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर आर्थिक चोट के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर प्रहार करने से ऐसे नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज