बरेली।
रामपुर गार्डन स्थित जैन मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के मीडिया प्रभारी एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौरभ जैन ने बताया कि यह महाशिविर प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानव कल्याण की भावना को साकार करने का प्रयास है।
महाशिविर के संयोजक अधिवक्ता सत्येंद्र कुमार जैन ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, अस्थि रोग, स्त्री रोग, न्यूरो, कैंसर, मधुमेह, चेस्ट, त्वचा, नेत्र, ईएनटी, दंत एवं बाल रोग सहित विभिन्न क्षेत्रों के दो दर्जन से अधिक अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। एलोपैथी, आयुर्वेद और होम्योपैथी तीनों चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मरीजों को एक ही स्थान पर मिलेगा।
समिति के सहयोगी मनीष जैन ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों को कुछ दवाएं निःशुल्क दी जाएंगी। साथ ही पेटेंट दवाओं पर 25 प्रतिशत और जेनेरिक दवाओं पर 50 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध होगी। शहर के प्रमुख पैथोलॉजी एवं जांच केंद्रों पर भी मरीजों को 50 प्रतिशत तक की रियायत दिलाई जाएगी।
डॉ. पी.के. जैन ने बताया कि शिविर में चिन्हित मोतियाबिंद मरीजों का ऑपरेशन आधुनिक फेको तकनीक से निजी मेडिकल कॉलेज में पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा। इसमें लेंस, चश्मा, भर्ती, भोजन और परिवहन जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।
समिति ने बताया कि मात्र 20 रुपये के पंजीकरण शुल्क पर मरीजों को ब्लड प्रेशर, शुगर, ऑक्सीजन, ईसीजी, बीएमडी और पीएफटी जैसी महत्वपूर्ण जांचों का लाभ मिलेगा। कई जांचें मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम के सहयोग से निःशुल्क कराई जाएंगी।समिति ने इसे बरेली के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई शुरुआत बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने की अपील की है।




