बरेली। कलेक्ट्रेट परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (National Green Tribunal) के न्यायाधीश डॉ. अफरोज अहमद ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण कर उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
न्यायाधीश डॉ. अफरोज अहमद ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। अधिक पेड़ लगाकर ही पर्यावरण संतुलन को बनाए रखा जा सकता है।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले में चल रहे पर्यावरण संबंधी कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले स्तर पर पर्यावरण समिति का गठन किया जाता है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी योजनाएं बनाना और उन्हें प्रभावी तरीके से लागू करना होता है।
उन्होंने बताया कि इस समिति का काम कचरे का उचित प्रबंधन, गंदे पानी का निस्तारण, नदियों और झरनों का संरक्षण सुनिश्चित करना है। साथ ही ग्रीन कवर बढ़ाना, खनन गतिविधियों की निगरानी करना और नदियों व झीलों का सही सीमांकन करना भी जरूरी है।
डॉ. अफरोज अहमद ने बरेली में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन अच्छा काम कर रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी अविनाश सिंह और उनकी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बरेली में कचरा प्रबंधन और गंदे पानी की समस्या का बेहतर समाधान मिलेगा। यदि सभी विभाग मिलकर काम करें तो पर्यावरण सुधार की दिशा में तेजी से प्रगति संभव है।
कार्यक्रम में डीएम अविनाश सिंह, डीएफओ दीक्षा भंडारी और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्या सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।




