बरेली। कैनविज क्रेडिट कोऑपरेटिव कंपनी से जुड़े कथित निवेश घोटाले को लेकर बरेली में लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। । अपनी जमा पूंजी वापस न मिलने से परेशान निवेशकों में भारी नाराजगी है। पीड़ितों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं मिला तो 15 जून से कलेक्ट्रेट परिसर में बेमियादी धरना और आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।
निवेशकों ने इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर विशेष जांच दल (SIT) की कार्रवाई की स्थिति सार्वजनिक करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। उनका आरोप है कि कंपनी के एजेंटों और संचालकों ने अधिक ब्याज और कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से बड़ी रकम जमा कराई।
पीड़ितों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही दर्ज मामलों की प्रगति की जानकारी भी उन्हें नहीं दी जा रही है। इस प्रकरण में अब तक 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, लेकिन निवेशकों को न्याय का इंतजार है।
पीड़ित सुरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि इस ठगी का दायरा ग्रामीण इलाकों और मध्यमवर्गीय परिवारों तक फैला हुआ है। उनका कहना है कि असली नुकसान की रकम सामने आए आंकड़ों से कहीं ज्यादा हो सकती है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों की संपत्ति, बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर निवेशकों की राशि वापस कराई जाए।
वहीं पीड़िता सपना सिंह ने बताया कि उनके परिवार को 22 महीने में रकम दोगुनी करने और नियमित ब्याज का भरोसा दिया गया था, लेकिन बाद में कई चेक बाउंस हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब पैसा वापस मांगने पर उन्हें धमकियां भी मिल रही हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. के.पी. सिंह ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पीड़ितों ने साफ कहा है कि वे न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे और बड़ा आंदोलन करेंगे।




