नवाबगंज। ओसवाल के गन्ना किसानों का दो वर्ष का बकाया भुगतान न होने से उनमें असंतोष बढ़ रहा है। इसी संबंध में ‘पैनी नजर’ सामाजिक संस्था की अध्यक्ष ने सोमवार को नवाबगंज प्रशासन को एक पत्र सौंपकर अल्टीमेटम दिया है।संस्था अध्यक्ष ने प्रशासन को सौंपे पत्र में कहा कि यदि किसानों की मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो 18 मई को किसान एक बार फिर तहसील में एकत्र होंगे।

वह क्षेत्र विधायक द्वारा भुगतान प्रक्रिया पर लगाई गई आपत्ति और मंडल आयुक्त द्वारा उस पर लगाई गई रोक को लेकर सवाल पूछेंगे।किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मंडल आयुक्त स्वयं आकर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करते, तब तक वे तहसील में डटे रहेंगे। उनका कहना है कि भुगतान प्रक्रिया पर लगी रोक हटाई जानी चाहिए।किसानों ने आरोप लगाया है कि शासन, प्रशासन और क्षेत्र के नेता मिलकर उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने इसे किसानों के साथ घोर अन्याय बताया है, जिसके कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




