बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने मुंबई के मीरा रोड स्थित पूनम क्लस्टर सोसायटी में बकरा शेड को लेकर हुए विवाद पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बकरीद और कुर्बानी के दौरान हर साल कुछ लोग धार्मिक मुद्दों को लेकर माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, जबकि ऐसे मामलों का समाधान आपसी बातचीत और समझदारी से निकाला जा सकता है।
मौलाना ने कहा कि मीरा रोड की घटना में प्रशासन को शुरुआत में ही दोनों पक्षों के लोगों को बैठाकर बातचीत करानी चाहिए थी। उनके मुताबिक, संबंधित सोसायटी में पहले भी बकरीद के मौके पर कुर्बानी की परंपरा रही है। इस बार भी बकरों को रखने के लिए अस्थायी टीन शेड लगाया गया था, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम ने शेड हटवा दिया।
उन्होंने कहा कि बाद में दोबारा शेड तैयार करने की कोशिश के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मौलाना शहाबुद्दीन ने कहा कि किसी भी तरह के विवाद को रोकना प्रशासन और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि देश का आम नागरिक शांति चाहता है और नफरत फैलाने वाली ताकतों को सफल नहीं होने देगा।




