बरेली। विश्व योग दिवस के अवसर पर 21 जून को बरेली में खेल प्रेमियों के लिए रोमांचक मुकाबलों का आयोजन होने जा रहा है। बरेली आर्म रेसलिंग फेडरेशन (पंजीकृत) के तत्वावधान में ओपन बरेली आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता का आयोजन नाइस जिम, मिनी बाईपास, बरेली में किया जाएगा।
फेडरेशन के जिला सचिव नदीम खान ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता में पुरुष और युवा खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। खिलाड़ियों को उनके वजन वर्ग के अनुसार 0-50 किलोग्राम से लेकर 90 किलोग्राम से अधिक तक कुल आठ भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा का मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आर्म रेसलिंग का यह आयोजन युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल होंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा।आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता जिले में आर्म रेसलिंग खेल को नई पहचान देने के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच भी प्रदान करेगी।




