बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा की पहली पाली शनिवार को बरेली जिले में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो गई। परीक्षा को सुचारु रूप से कराने के लिए प्रशासन की ओर से पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं।जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 3240 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की गई है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई।
परीक्षा देकर बाहर निकले कई अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र ज्यादा कठिन नहीं था, हालांकि समय की कमी के कारण कुछ सवाल हल करने में परेशानी हुई।परीक्षा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र की निगरानी के लिए एसडीएम स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से कराई जा रही है और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने स्वयं भी अधिकारियों के साथ कुछ परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
प्रशासन के अनुसार अब तक किसी भी परीक्षा केंद्र से गड़बड़ी या अनियमितता की सूचना नहीं मिली है। परीक्षा को ध्यान में रखते हुए 13 से 15 मार्च तक रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई हैं, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके। रेलवे और रोडवेज की ओर से भी अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था की गई है।



