बरेली। फरीदपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के अकस्मात निधन से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बीते दिन बरेली सर्किट हाउस में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से उनके निधन की पुष्टि की। निधन की खबर मिलते ही समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त हो गया।

दिवंगत विधायक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल व सुरक्षा व्यवस्था तैनात की रही।
इसके बाद दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के आवास पर अंतिम दर्शन के लिए भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। यूपी सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बरेली के मेयर उमेश गौतम सहित तमाम भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
https://www.facebook.com/share/v/16u1nwkWzp/
नेताओं ने डॉ. श्याम बिहारी लाल को एक सरल, कर्मठ और जनसेवा को समर्पित नेता बताते हुए कहा कि उनके निधन से फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र और बरेली जनपद को अपूरणीय क्षति हुई है।




