बरेली। कलेक्ट्रेट में शनिवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अविनाश सिंह की संवेदनशीलता देखने को मिली। जनता दर्शन में एक महिला अपने बीमार बच्चे को लेकर पहुंची और मदद की गुहार लगाई। महिला ने बताया कि उसके बच्चे की दोनों किडनी खराब हैं और उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कलेक्ट्रेट आई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत मदद के निर्देश दिए। “नो व्हीकल डे” होने के बावजूद उन्होंने बाहर से टैम्पो मंगवाकर महिला और उसके बच्चे को जिला अस्पताल भिजवाया। साथ ही अधिकारियों को बच्चे के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।
इसी दौरान जिलाधिकारी कार्यालय में एक अन्य व्यक्ति अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत उसे संभालने का प्रयास किया और पानी आदि दिलवाया। इसके बाद उस व्यक्ति को भी जिला अस्पताल भेजा गया। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी स्वयं उसके साथ जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि व्यक्ति की हालत सामान्य है और अधिक गर्मी के कारण वह बेहोश हो गया था। जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को दोनों मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी की इस मानवीय पहल की लोगों ने सराहना की।




