आंवला में लुटेरो की गोली से घायल सराफ की मौत, आंवला में बाजार बंद, व्यापारियों ने किया मंत्री का घेराव

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। आंवला में लुटेरो की गोली से घायल सराफा व्यापारी की मौत के बाद व्यापार मंडल के आवाह्न पर नगर का पूरा बाजार बंद हो गया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कैबिनेट मंत्री का घेराव कर कोतवाल को हटाने की मांग की।  आंवला में पांच दिन पहले लुटेरों की गोली का शिकार हुए आंवला के सराफा व्यापारी श्रीकांत पाटिल ने शहर के निजी अस्पताल में मंगलवार को दम तोड़ दिया। घटना में आंवला इंस्पेक्टर की भूमिका को लेकर स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापार मंडल के आवाह्न पर घटना के विरोध में बुधवार को आंवला का पूरा बाजार बंद हो गया।व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं मृतक व्यापारी के घर पर पहुंचे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह का घेराव किया गया। व्यापारियों ने मंत्री से कोतवाल को हटाने की मांग की। इस पर मंत्री ने कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया था। उधर, मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने चार टीम गठित करके खुलासे में लगाई हैं।
लूट के विरोध पर बदमाशों ने मारी थी गोली
मोहल्ला कच्चा कटरा रामलीला गेट निवासी सराफा व्यापारी श्रीकांत पाटिल (52) को बदमाश ने गोली मार दी थी। बदमाश पड़ोस के बंद मकान का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। उसने रोका तो बदमाशों ने गोली चला दी थी। इसके बाद वह फरार हो गए। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में श्रीकांत को सीएचसी में भर्ती कराया था। वहां से उनको बरेली रेफर कर दिया गया। यहां एक निजी अस्पताल में उन्हें उसी दिन से वेंटिलेटर पर रखा गया था। मंगलवार रात आठ बजे पाटिल ने दम तोड़ दिया। पाटिल का परिवार कई साल पहले महाराष्ट्र से आंवला आकर रह रहा था। पाटिल के परिवार में पत्नी व एक बेटा और बेटी है।
 व्यापारियों ने कहा करेंगे  आंदोलन
श्रीकांत पाटिल की मौत से व्यापारियों में रोष है। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री एवं नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने मांग की है कि इंस्पेक्टर आंवला को तत्काल हटाया जाए। मामले की जांच कराकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। घटना के विरोध में व्यापारियों ने दुकानें नहीं खोलीं। बाजार बंद है।प्रदेश संगठन मंत्री सुनील गुप्ता ने बताया केबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के आश्वासन पर 12 बजे के बाद बाजार खोलने को कहा गया है।
newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज